Site icon Memoirs Publishing

छात्रा ने किया फ्रेंडशिप से इनकार-तो युवक ने कर दी मारपीट-साजिश सहपाठी की

इरफान अहमद

रूड़की। शक्ति विहार कॉलोनी निवासी नवीं कक्षा की एक छात्रा के दोस्ती से इनकार करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की। परिजनों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शक्ति विहार कॉलोनी निवासी एक किशोरी गणेशपुर स्थित कन्या पाठशाला में नवीं कक्षा की छात्रा है। बताया गया है कि छात्रा की कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा उस पर एक युवक से दोस्ती करने के लिए दबाव डाल रही थी। छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को बताई थी, लेकिन परिजनों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद शक्ति विहार कॉलोनी निवासी छात्रा जैसे ही स्कूल से बाहर आई तो साथ पढ़ने वाली छात्रा ने उसका रास्ता रोक लिया।
रास्ता रोकने वाली छात्रा के साथ एक युवक भी था। सहपाठी ने शक्ति विहार की छात्रा को साथ आए युवक से दोस्ती करने को कहा, लेकिन छात्रा ने इनकार कर दिया। जिस पर सहपाठी ने साथ आए युवक को मारपीट करने के लिए इशारा किया। युवक ने छात्रा के साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग आए तो आरोपित सहपाठी छात्रा और उसके साथ आया युवक फरार हो गया।
छात्रा ने घर जाकर परिजनों को पूरा मामला बताया। जिसके बाद पीड़ित छात्रा के परिजन युवक की तलाश में जुट गए। परिजनों ने गांव के पास ही बाइक सवार युवक को धर दबोचा और उसे गंगनहर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपित युवक से पूछताछ कर रही है। युवक सहारनपुर का रहने वाला है और तांशीपुर गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है

Exit mobile version