Site icon Memoirs Publishing

कुमाऊं के 3 जिलों में तेज बारिश का Alert, नैनीताल में बर्फ से आफत, जानें कब ठीक होगा मौसम

Kumaon Heavy Rainfall

नैनीताल/देहरादून. पिछले दो दिनों से उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी रहने के बाद आज शुक्रवार को कुमाऊं के तीन ज़िलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें नैनीताल भी शामिल है, जहां पहले ही पिछले 24 घंटे से नैनीताल में रुक रुक कर हो रही बर्फबारी से भारी मुसीबत खड़ी हो चुकी है. कई जगहों पर पानी, बिजली, दूध, सब्ज़ी सप्लाई का संकट खड़ा हो चुका है, वहीं नैनीताल का संपर्क चारों तरफ से कट चुका है. दूसरी तरफ, पहाड़ों में आज भारी बर्फबारी होने का अनुमान भी मौसम विभाग ने जताया है, जहां पिछले 24 घंटों से लगातार बर्फ गिर रही है.

नैनीताल में गुरुवार सुबह से ही रुक रुककर जारी स्नोफॉल के चलते कई इलाकों में बिजली गुल है, तो पानी का भी संकट पैदा हो गया है. भवाली-रामगढ़-मुक्तेश्वर सड़क बंद है, तो भीमताल-धानाचुली मार्ग भी बर्फबारी के चलते ठप है. नैनीताल का संपर्क चारों तरफ से कट गया है. पंगुट-कालाढुंगी-हल्द्वानी सड़क बंद होने से दूध और सब्ज़ी की सप्लाई में दिक्कतें हो रही हैं. ग्रामीण इलाकों से नैनीताल से संपर्क कटने से लोग बाज़ारों से दवा व अन्य ज़रूरी सामान खरीदने नहीं आ पा रहे हैं. इन हालात के बीच पर्यटन कारोबारियों को बेहतर धंधे की उम्मीद हैं तो चुनावी रंग फीका पड़ रहा है.

Exit mobile version