Site icon Memoirs Publishing

चार धाम में आने वाले निजी वाहनों का भी होगा पंजीकरण, इसके लिए तैयार किया है एक साफ्टवेयर

 CharDham Yatra : प्रदेश में इस वर्ष चारधाम यात्रा पर आने वाले निजी वाहनों का भी पंजीकरण करने की तैयारी है। इसके लिए परिवहन विभाग ने यात्रा के लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया है। इसके जरिये व्यावसायिक वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी करने के साथ ही निजी वाहनों का पंजीकरण भी किया जाएगा। निजी वाहनों को पंजीकरण के दौरान वाहन में सवार व्यक्तियों के विषय में भी जानकारी देनी होगी। इसका मकसद यह कि यात्रा पर आने वाले वाहनों व यात्रियों के संबंध में विभाग के पास डाटा उपलब्ध रहे। किसी आपात स्थिति में विभाग को यह पता रहे कि यात्रा मार्ग पर कितने वाहन व यात्री हैं।

हर साल चारधाम यात्रा के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। यात्रा पर जाने के लिए यात्री व्यावसायिक व निजी वाहनों का प्रयोग करते हैं। यात्रा पर जाने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य है। व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांचने के बाद उन्हें ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है। यात्रा में जाने वाले व्यावसायिक वाहन सभी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराते हैं। अब यह व्यवस्था आनलाइन कर दी गई है। वाहनों को केवल फिटनेस जांच कराने विभागीय कार्यालय आना होगा। शेष सारे कार्य आनलाइन हो जाएंगे। ग्रीन कार्ड के साथ ही यात्रा पर जाने से पहले ट्रिप कार्ड जारी किया जाएगा। इसमें वाहन स्वामी यात्रियों और उनके द्वारा भ्रमण किए जाने वाले स्थलों के बारे में आनलाइन जानकारी देगा। ट्रिप कार्ड भी आनलाइन जारी होगा। इसके लिए जल्द ही शुल्क निर्धारित किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष विभाग सभी निजी वाहनों का पंजीकरण भी अनिवार्य कर रहा है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके लिए निजी वाहनों को परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा, जहां चारधाम यात्रा के संबंध में दिए गए आइकन पर क्लिक कर उसे यात्रा व यात्रियों के संबंध में पूरी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद उन्हें एक आइडी जारी की जाएगी, जो उन्हें यात्रा मार्ग पर बनी चेकपोस्ट पर दिखानी होगी।

उप परिवहन आयुक्त एसके सिंह ने बताया कि इस बार निजी वाहनों का भी पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। ग्रीन कार्ड जारी करने व निजी वाहनों के पंजीकरण को साफ्टवेयर बना लिया गया है। इसका ट्रायल चल रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाहर से यात्रा पर आने वाले यात्रियों से आनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया करने संबंधी जानकारी साझा की जाएगी।

Exit mobile version