Road Accident in Bageshwar: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से सड़क हादसे कि दर्दनाक खबर सामने आयी है। जिले में कांडा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पिकअप गहरी खाई में गिर गयी। इस दुखद घटना में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में बैठे दूसरे व्यक्ति को मामूली चोट आई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वाहन में सवार दूसरा व्यक्ति बालबाल बचा
मंगलवार अपराह्न लगभग तीन बजे कांडा एफसीआई गोदाम से राशन लेकर पिकअप जेठाईं की ओर जा रहा था। सोराड़ के समीप चालक 46 वर्षीय आनंद सिंह पुत्र मदन सिंह, निवासी बंगचूड़ी वाहन से संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन में बैठा उसी गांव का सुनील सिंह पुत्र खीम सिंह को मामूली चोट आई है। उसी ने घटना की जानकारी दी।
अधिक रक्तस्राव के चलते हुई मौत
इसके बाद 108 के माध्मय से चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा ले गए, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो बच्चे हैं, बेटी की शादी कर दी है, जबकि बेटा एचएम का कोर्स कर रहा है। डॉ. आंकाक्षा जोशी ने बताया कि चालक के सिर पर गंभीर चोट थी। अधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है।

