उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पलटन बाजार का अब भगवामय होने का प्रस्ताव लागू किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत, पलटन बाजार की सभी दुकानों में एक ही भगवा रंग के बोर्ड लगाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी के कामों का विवादों से पुराना नाता रहा है। वहीं अब केंद्र की महत्वाकांक्षी योजना के नाम पर इस खास रंग को विशेष पहचान से जोड़कर एक नए विवाद को जन्म दे दिया गया है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जरिए राजधानी देहरादून को व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है।पलटन बाजार दून का सबसे पुराना और बड़ा बाजार है। जहां रोज सैकड़ों लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पहुंचते हैं।
वहीं अब इस बाजार के व्यापारियों की दुकानों पर लगने वाले छज्जे और नेम प्लेट को भगवा रंग दिया गया है।मेयर सुनील उनियाल गामा और विधायक खजान दास ने पलटन बाजार में निर्माण होने जा रहे छज्जों का नीरिक्षण भी किया।
साथ ही यह भी निर्देश दिए कि 2 महीने में सुनिश्चित हो कि बाजार के सभी छज्जों का निर्माण पूरा हो। आपको बता दें कि व्यापारियों के साथ नगर निगम की बातचीत के दौरान यह निर्णय लिया गया था कि दुकानों के आगे नेम प्लेट को ऑरेंज कलर दिया जाएगा।
जिसपर सफेद रंग से व्यापारी का नाम दर्ज होगा। यही नहीं, हर दुकान के ऊपर छज्जा भी इसी ऑरेंज कलर से रंगा जाएगा। पलटन बाजार के भगवाकरण को लेकर अब कांग्रेस ने भी सरकार को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अब बाजारों को भी भगवा करने की साजिश रच रही है। जनता सड़कों के गड्ढों से परेशान है। हालांकि, भाजपा सरकार केंद्र की योजना के तहत बाजारों के भगवाकरण का काम कर रही है।

