Site icon Memoirs Publishing

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून की विदाई, जल्द शुरू होगी बर्फबारी

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। आज मानसून की विदाई के साथ ही बारिश का दौर समाप्त हो जाएगा। लेकिन पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। लगातार हवाओं के रुख परिवर्तन से मौसम में बदलाव आ रहा है। अब जल्द ही पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है।

मौसम रहेगा साफ

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर जिलों में धूप-छांव के बीच ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहेगा। बीते दिनों मानसून ने पर्वतीय इलाकों में भारी तबाही मचाई। कहीं सड़कें भूस्खलन की भेंट चढ़ गईं तो कहीं पुल टूट गए। सरकारी संपत्ति को करोड़ों का नुकसान हुआ है। हालांकि अब मौसम सामान्य हो गया है।

कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी 

मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में अब मानसून की विदाई का दौर चल रहा है। मानसून के जाने से पहले कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। निचले इलाकों में अगले तीन दिन बारिश से राहत रहेगी। यहां मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। उधर, मौसम के साफ होते ही मैदानी इलाकों में तापमान फिर बढ़ने लगा है। उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। कड़ी धूप के बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हवाओं के रुख परिवर्तन से मौसम में बदलाव आ रहा है। अब जल्द ही पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है।

Exit mobile version