Site icon Memoirs Publishing

कृषि औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले के समापन अवसर पर जखोली पहुंचे जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा

रुद्रप्रयाग- जखोली कृषि औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे रुद्रप्रयाग प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा व अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ब्लॉक कार्यालय में एक करोड़ 45 लाख की लागत से नव निर्मित ब्लॉक सभागार एवं डॉ भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित मूर्ति का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सभागार तैयार होने से जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की विकास योजनाओं एवं समस्याओं को प्रमुखता से रखने में सुविधा होगी। यहां विकास कार्यों से जुड़ी बैठक सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेंगी जिसका सीधा लाभ आम जनमानस को मिलेगा। सभागार तैयार होने पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र की जनता को बधाई दी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश के विकास एवं उत्थान में मेलों का बड़ा योगदान रहा है। यह मेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि ज्ञान का भी केंद्र हैं। घर और खेतों का ख्याल रखने वाली हमारी मातृशक्ति एवं किसानों, स्कूली छात्रों के लिए मेले एक बड़ा मंच उपलब्ध करवाते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक एवं विकास मेले हमारी संस्कृति एवं परंपराओं की धरोहर हैं इन्हें सहेजने एवं आगे बढ़ाने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा।

Exit mobile version