Site icon Memoirs Publishing

देहरादून के तीन प्रमुख निजी अस्पतालों में गोल्डन कार्ड से उपचार की सुविधा यथावत रहेगी जारी: धामी

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में, राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आश्वस्त किया है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड धारकों को देहरादून के तीन प्रमुख निजी अस्पतालों में उपचार की सुविधा बिना किसी अवरोध के उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

डॉ. कुमार ने बताया कि हिमालयन हॉस्पिटल जॉलीग्रांट, श्री महंत इन्द्रेश हॉस्पिटल, और ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में गोल्डन कार्ड के माध्यम से चिकित्सा सेवाएं पूर्ववत जारी हैं और इन संस्थानों में आने वाले पात्र मरीजों को समस्त आवश्यक उपचारात्मक सुविधाएं नियमित रूप से प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, और सरकार इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।”

भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गोल्डन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “प्रत्येक नागरिक को समय पर और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। हमारी सरकार निर्धन एवं वंचित वर्गों तक आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निशुल्क और सुलभ उपचार सेवाएं पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध है।”

Share this content:

Exit mobile version