Site icon Memoirs Publishing

उत्तरकाशी में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा: छह श्रद्धालुओं की मौत, एक घायल, चारधाम यात्रा पर असर

उत्तरकाशी, 8 मई 2025/ उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आज सुबह एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों को ले जा रहा एक हेलीकॉप्टर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पायलट सहित कुल सात लोगों में से छह की मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हेलीकॉप्टर एयरोट्रांस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का था, जिसकी रजिस्ट्रेशन संख्या VT-OXF बताई जा रही है। यह हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से खरसाली के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद करीब 8:40 बजे यह गंगनानी के पास लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

मृतकों की पहचान:

  1. काला सोनी (61), महिला, मुंबई

  2. विजया रेड्डी (57), महिला, मुंबई

  3. रुचि अग्रवाल (56), महिला, मुंबई

  4. राधा अग्रवाल (79), महिला, उत्तर प्रदेश

  5. वेदवती कुमारी (48), महिला, आंध्र प्रदेश

  6. कैप्टन रॉबिन सिंह (60), पुरुष, गुजरात – पायलट

घायल यात्री:

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, राजस्व विभाग, 108 एंबुलेंस और अन्य आपदा राहत टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। घटनास्थल की दुर्गमता के चलते रेस्क्यू टीमों को वहां तक पहुंचने में समय लगा। SDRF की टीम ने मौके पर बेस बनाकर खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को रेस्क्यू कर ऋषिकेश एम्स लाने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर रवाना किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा,

“उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं।”

हेली सेवा स्थगित

इस हादसे के बाद प्रशासन ने केदारनाथ के तीन प्रमुख हेलीपैड — गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा — से संचालित होने वाली हेली सेवाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

चारधाम यात्रा पर असर

गौरतलब है कि उत्तराखंड में इस समय चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। तीर्थयात्री बड़ी संख्या में गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर हैं। मौसम खराब होने के चलते पहले ही प्रशासन अलर्ट पर था। अब इस हादसे के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर और सख्ती बरती जा रही है।

जांच के आदेश

हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दे दिए गए हैं। DGCA और विमानन विशेषज्ञों की टीम मौके का निरीक्षण करेगी।

Share this content:

Exit mobile version