Site icon Memoirs Publishing

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का पुनर्गठन: हेमन्त द्विवेदी अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष पहली बार नियुक्त

देहरादून/ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ‘श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति’ का पुनर्गठन किया गया है। तीर्थयात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और समिति के कार्यक्षेत्र में विस्तार को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। समिति में पहली बार दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति करते हुए अध्यक्ष पद पर हेमन्त द्विवेदी (जनपद पौड़ी गढ़वाल) को नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही ऋषि प्रसाद सती (जनपद चमोली) और विजय कपरवाण (जनपद रुद्रप्रयाग) को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पहला अवसर है जब मंदिर समिति में दो उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जिसका उद्देश्य कार्यों के कुशल संचालन, बेहतर समन्वय और तीर्थयात्रियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

सरकार ने पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर समिति में स्थानीय भागीदारी को भी सुदृढ़ करने की दिशा में पहल की है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा,

“हेमन्त द्विवेदी जी को अध्यक्ष और ऋषि प्रसाद सती व विजय कपरवाण को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि अपने अनुभव, समर्पण और दूरदृष्टि से ये सभी पदाधिकारी समिति के कार्यों को नई गति और दिशा प्रदान करेंगे। तीर्थ क्षेत्रों के संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए यह एक सार्थक पहल है। सरकार की ओर से हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री के इस निर्णय को चारधाम यात्रा प्रबंधन और तीर्थ क्षेत्रीय विकास के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह टीम बदरी-केदार धामों के प्रशासन को और अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी।

Share this content:

Exit mobile version