Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: धामी ने गजा घण्टाकर्ण महोत्सव का किया शुभारंभ, कहा- विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव और उत्तराखंड विकसित होंगे

टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टिहरी जिले के गजा में आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025’ का उद्घाटन किया। उन्होंने घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की और राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

धामी ने कहा कि ऐसे महोत्सव राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गजा स्थित पौराणिक घण्टाकर्ण मंदिर को बद्रीनाथ की परिक्रमा के बाद दूसरा तीर्थस्थल बताते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, जहां से हरिद्वार और हिमालय के भी दर्शन होते हैं।

सीएम ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प तभी पूर्ण होगा जब गांव, पंचायत, जनपद और उत्तराखंड विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ की भावना से कार्य कर रही है और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने भारत की प्रगति की चर्चा करते हुए बताया कि देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और 2027 तक तीसरे स्थान पर होगी।

उन्होंने बताया कि गजा क्षेत्र में लगभग ₹30 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक, ₹24 करोड़ की लागत से हेंवलघाटी पेयजल योजना, नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला और विश्राम गृह सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और हाउस ऑफ हिमालय जैसे ब्रांड्स के तहत स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की बात कही। साथ ही कौशल विकास, फार्म मशीनरी, एप्पल मिशन, पर्यटन और सौर स्वरोजगार के क्षेत्र में भी अनेक योजनाओं का उल्लेख किया।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नकल माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे अब तक 100 से अधिक लोग जेल भेजे जा चुके हैं और करीब 23 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परिधान को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी, भारतीय नौसेना में चयनित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version