Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री ने मालन पुल सहित सात विकास परियोजनाओं का किया वर्चुअल लोकार्पण

कोटद्वार (पौड़ी): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कोटद्वार क्षेत्र में 60 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इनमें चिल्लरखाल-पाखरो मोटर मार्ग पर स्थित मालन पुल का सुरक्षात्मक कार्य भी शामिल है, जिसका लंबे समय से स्थानीय लोग इंतजार कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मालन सेतु का पुनर्निर्माण राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पुल के चालू होने से कोटद्वार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, रेल और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य हो रहा है। कोटद्वार में नमामि गंगे योजना के तहत 135 करोड़ की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, 691 करोड़ की लागत से चार लेन बाईपास और कोटद्वार-नजीबाबाद डबल लेन सड़क का निर्माण, और कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क का डबल लेन में उन्नयन इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री ने कोटद्वार रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण, सिद्धबली-कोटद्वार से दिल्ली तक नई ट्रेन सेवा, अस्पताल, बस टर्मिनल, और केंद्रीय विद्यालय के निर्माण जैसे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

स्थानीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोटद्वार में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और मालन पुल का कार्य भी तेजी से पूरा किया गया है।

इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण:

  1. मालन पुल का सुरक्षात्मक कार्य – ₹26.76 करोड़ (325 मीटर स्पान)

  2. सुखरौं पुल (385 मीटर स्पान) – ₹4.50 करोड़

  3. बीईएल के निकट डबल लेन पुल (300 मीटर स्पान) – ₹2.10 करोड़

  4. ग्रास्टनगंज पुल (90 मीटर स्पान) – ₹2.37 करोड़

  5. गूलर पुल (100 मीटर स्पान) – ₹2.70 करोड़

  6. आरसीसी गार्डर पुल (100 मीटर स्पान) – ₹4.87 करोड़

  7. चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरो मोटर मार्ग (किमी 1-12) – ₹18.25 करोड़

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:

  1. लालपुर से हरिद्वार मार्ग तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य।

  2. सिगड्डी पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य।

  3. मालन फीडर की मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य।

  4. बायीं मालन नहर के साइफन व अन्य संरचनाओं की मरम्मत।

  5. बिशनपुर गांव की बाढ़ सुरक्षा हेतु विशेष कार्य।

इस अवसर पर मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share this content:

Exit mobile version