Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण

देहरादून – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सीता अशोक का पौधा रोपित किया। इस भावनात्मक पहल के माध्यम से उन्होंने मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भी इस पुण्य कार्य में भागीदार बनें और अपनी माताओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पर्यावरण की रक्षा हेतु एक वृक्ष अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल मातृ वंदना का प्रतीक है, बल्कि हरियाली बढ़ाने और पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। राज्य सरकार की इस पहल को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जुड़ सकें।

Exit mobile version