Site icon Memoirs Publishing

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, उत्तराखंड के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर मिला सकारात्मक आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, उत्तराखंड के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर मिला सकारात्मक आश्वासन

Table of Contents

Toggle

18 जून 2025 / देहरादून/नई दिल्ली/ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार, 18 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, औद्योगिक विकास और कारागार अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों को केंद्र के समक्ष रखते हुए त्वरित सहयोग का अनुरोध किया।

देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ते डिजिटल अपराधों और साइबर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के समाधान हेतु देहरादून में “साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” की स्थापना के लिए ₹63.60 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यह सेंटर साइबर फोरेंसिक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और अत्याधुनिक संसाधनों के माध्यम से डिजिटल अपराधों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाएगा।

आपदा क्षति के लिए एनडीआरएफ/एसडीआरएफ से मुआवजे की मांग

मुख्यमंत्री ने राज्य की विद्युत अधोसंरचना को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को गंभीरता से उठाते हुए प्रस्ताव दिया कि हिमालयी राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण परिसंपत्तियों को एनडीआरएफ/एसडीआरएफ के दायरे में लाया जाए। इससे आपदा के समय नुकसान की भरपाई और पुनर्स्थापना में गति मिलेगी।

सितारगंज कारागार विस्तार पर ₹150.16 करोड़ का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने सितारगंज में केंद्रीय कारागार के विस्तार के लिए ₹150.16 करोड़ के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जेल अधोसंरचना में आवश्यक सुधार हो सकेंगे।

निवेश उत्सव के आयोजन हेतु गृह मंत्री को आमंत्रण

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य को ₹3.50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर सहमति मिली है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाने के लिए सरकार ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव’ आयोजित करने जा रही है, जिसे पंतनगर-रुद्रपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित किया गया है। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री श्री अमित शाह को इस आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।

केंद्रीय गृह मंत्री का आश्वासन

श्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के सतत विकास में हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नए भारत” के विज़न को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा निरंतर मिल रहे समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

मुख्य बिंदु संक्षेप में:

Share this content:

Exit mobile version