Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री ने नैनीताल में 126.69 करोड़ की 27 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, शिलान्यास

लालकुआं (नैनीताल), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लालकुआं में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में नैनीताल जनपद के लिए 126.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें से 25.93 करोड़ की लागत से तैयार 9 परियोजनाओं का लोकार्पण और 100.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 18 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

इन परियोजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, सीवरेज, नगर विकास, गौवंश संरक्षण और पर्यटन से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाएंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में कई योजनाएं तेज़ी से लागू की जा रही हैं, जिनमें मानसिक चिकित्सालय, कैंसर संस्थान, खेल विश्वविद्यालय, रिंग रोड, वेस्ट मैनेजमेंट, मल्टी-स्टोरी पार्किंग, एस्ट्रो पार्क और पोलिनेटर पार्क जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। जमरानी बहुउद्देश्यीय बांध और खुरपिया इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी को तराई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक लाभकारी बताया।

मुख्यमंत्री ने देश और राज्य में हो रहे व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद और भूमि अतिक्रमण के खिलाफ उठाए गए कड़े कदमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है और यहां देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू है।

उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर बल देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है।

लोकार्पित योजनाएं:
इनमें ओखलकांडा की 11 क्षतिग्रस्त नहरों का पुनर्निर्माण, भीमताल में जिला आयुर्वेदिक भवन, बेतालघाट की लिफ्ट सिंचाई योजना, पशु चिकित्सालय, गौशाला निर्माण और रामनगर के राजकीय पॉलीटेक्निक भवन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाएं:
इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बाढ़ सुरक्षा कार्य, कैंचीधाम परिसर का विकास, झीड़ापानी वाटरफॉल और भवाली पर्यटक आवास गृह का उन्नयन, सीवरेज योजना, गौशाला निर्माण, पुस्तकालय पुनरुद्धार आदि प्रमुख हैं।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, मेयर गजराज बिष्ट, समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिमा अग्रवाल, डीएम वंदना सिंह, एसएसपी पीएन मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Share this content:

Exit mobile version