Site icon Memoirs Publishing

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सुनी ‘मन की बात’, प्रधानमंत्री के संदेशों को बताया प्रेरणादायी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 123वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग, सामाजिक एकता, सेवा भाव और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि योग ने न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने भारत के विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा ट्रैकोमा मुक्त घोषित किए जाने और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की रिपोर्ट में 64 प्रतिशत आबादी के सोशल सुरक्षा के दायरे में आने को लेकर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में देश ने अहम उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में उजागर की गई सामूहिक सेवा, धार्मिक यात्राओं में मिलन की भावना और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को अपनी दिनचर्या में अपनाएं और उत्तराखंड को आत्मनिर्भर व समृद्ध भारत का गौरवमयी हिस्सा बनाने में सहयोग दें।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखण्ड राज्य सलाहकार श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version