Site icon Memoirs Publishing

DEHRADUN: राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 20 और 21 जून को देहरादून जनपद में प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों और तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 20 जून को आशियाना और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयुष विभाग को योग दिवस के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थलों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और विभागीय जिम्मेदारियों को पारस्परिक समन्वय के साथ समय पर पूर्ण किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, पुलिस अधीक्षक सदर रेनू, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, संयुक्त निदेशक आयुष मिथलेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सीमा नौटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version