Site icon Memoirs Publishing

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: देहरादून और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड में

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, 7 मई तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून, 23 जून/ उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने 22 से 26 जून तक राज्य के देहरादून, नैनीताल, टिहरी और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसको लेकर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अधीन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसओईसी) ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, जबकि टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारियों एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील मार्गों पर मशीनों एवं उपकरणों की पूर्व व्यवस्था करने, आवागमन को सुरक्षित एवं नियंत्रित रखने, तथा राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 28 जून तक बारिश का सिलसिला तेज गति से जारी रह सकता है, विशेषकर पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को सलाह दी गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी की जा रही सूचनाओं का पालन करें।

सावधानी ही सुरक्षा: प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें, नदियों व नालों के किनारे न जाएं, और आपात स्थिति में नजदीकी कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Share this content:

Exit mobile version