Site icon Memoirs Publishing

देहरादून में तैयार हुई तीन ऑटोमेटेड पार्किंग; कोरोनेशन अस्पताल को सौंपी गई पहली पार्किंग, जल्द होगा मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आधुनिक सुविधायुक्त उत्तराखंड के विजन को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में शहर में तीन आधुनिक ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग तैयार कर ली गई हैं, जिनका लोकार्पण मुख्यमंत्री शीघ्र ही करेंगे।

प्रारंभिक चरण में यह अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्थाएं कोरोनेशन जिला चिकित्सालय, तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड में स्थापित की गई हैं। इनमें से कोरोनेशन अस्पताल में बनी पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया गया है और इसे चिकित्सालय प्रशासन को विधिवत हैंडओवर कर दिया गया है। अब डॉक्टरों और नर्सों के वाहन बिना किसी जटिलता के स्वतः पार्क हो रहे हैं।

तीनों पार्किंग स्थलों की कुल वाहन क्षमता इस प्रकार है:

तिब्बती मार्केट: 132 वाहन

परेड ग्राउंड: 96 वाहन

कोरोनेशन अस्पताल: 18 वाहन

यह पार्किंग सिस्टम बहुत ही कम जगह में स्थापित किया जा सकता है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा सकता है। कोरोनेशन अस्पताल में स्टाफ के लिए अलग पार्किंग उपलब्ध हो जाने से अब मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए भी अधिक पार्किंग स्पेस उपलब्ध हो गई है। साथ ही भूपार्किंग क्षेत्र में अतिरिक्त वाहन भी अब आसानी से खड़े किए जा सकते हैं।

इन ऑटोमेटेड पार्किंग की सुचारु संचालन के लिए दो कुशल तकनीकी ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। इनके लिए बीमा कवर भी जिला योजना से प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा विकसित यह ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग व्यवस्था शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक सफल और स्थायी समाधान के रूप में देखी जा रही है। इस तरह की लघु लेकिन प्रभावी पार्किंग सुविधाएं न केवल जनसामान्य को पार्किंग की सुविधा देंगी, बल्कि शहर में यातायात दबाव और जाम की समस्या को भी कम करेंगी।

यह अभिनव प्रयोग अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की आधुनिक पार्किंग व्यवस्था के निर्माण की संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करता है।

Share this content:

Exit mobile version