Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी के ‘हिमाद्री ट्रैकिंग अभियान-2025’ को दिखाई हरी झंडी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के ‘हिमाद्री ट्रैकिंग अभियान-2025’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना में दिवंगत यात्रियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी के अधिकारियों और जवानों का स्वागत करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल साहस, संकल्प और सेवा भावना का परिचायक है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सामरिक सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय परंपराओं के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 45 सदस्यीय आईटीबीपी दल उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश होते हुए लद्दाख तक लगभग 1032 किलोमीटर की कठिन और चुनौतीपूर्ण यात्रा तय करेगा। यह दल 27 घाटियों और 27 ऊँचे दर्रों को पार करेगा, जो सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान में भी सहायक होगा।

उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि वीरभूमि उत्तराखंड के जवान सेना और अर्धसैनिक बलों में सेवा कर देश की सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं। आईटीबीपी न केवल सीमाओं की रक्षा कर रहा है, बल्कि आपदा प्रबंधन में भी अहम भूमिका निभा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशस्त्र बलों के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत की सुरक्षा के प्रति हमारी अटल प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

सैन्य व अर्धसैनिक बलों के कल्याण को लेकर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दिया गया है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन, बलिदानियों के परिजनों को सरकारी सेवा में समायोजन की अवधि बढ़ाकर पाँच वर्ष, तथा फौजियों को संपत्ति खरीद में स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।

इस अवसर पर आईटीबीपी के आईजी संजय गुंज्याल ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान दल 84 वाइब्रेंट विलेज से होकर गुजरेगा। इस दौरान स्थानीय लोगों को लगभग 3.5 लाख फलदार पौधे वितरित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और एडवेंचर टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव गृह शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ, आईटीबीपी के आईजी गिरीश चंद्र उपाध्याय तथा बल के कई अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version