Site icon Memoirs Publishing

टिहरी में कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक पलटा, मुख्यमंत्री धामी ने दिए त्वरित राहत के निर्देश

टिहरी जनपद के खाड़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाड़ी से लगभग दो किलोमीटर आगे कांवड़ यात्रियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई यात्री घायल हो गए हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

जिलाधिकारी टिहरी ने बताया कि ट्रक में करीब 14 से 15 कांवड़ यात्री सवार थे। हादसे में घायल हुए 10 यात्रियों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से नरेंद्र नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्रियों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और घायलों को तुरंत एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने प्रशासन से घटना की पूरी जानकारी जुटाकर प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने को भी कहा है।

हादसे की वजह का फिलहाल स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर ओवरलोडिंग और खराब सड़क हालात को कारण माना जा रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Share this content:

Exit mobile version