Site icon Memoirs Publishing

मुख्यमंत्री ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को किया रवाना

टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों का पारंपरिक स्वागत किया तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्मृति चिह्न भी भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने 11 राज्यों से आए श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि के कण-कण में भगवान शिव का वास है और यह यात्रा अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण सीमाओं को लांघते हुए शिव साक्षात्कार का सशक्त माध्यम बन गई है। पहले जहाँ यह यात्रा सात दिनों से अधिक समय लेती थी, वहीं अब कुछ घंटों में ही संभव हो रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रत्येक पड़ाव पर स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की मंगलमय, सफल व सुरक्षित यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर यात्रियों ने चम्पावत वासियों के आत्मीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया तथा उत्तराखंड सरकार की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी आईटीबीपी व कैलाश मानसरोवर यात्रा के जन सम्पर्क अधिकारी संजय गुंजियाल, कुमाऊं मंडल के पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी तथा पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this content:

Exit mobile version