Site icon Memoirs Publishing

देहरादून में पहली ऑटोमेटिक पार्किंग तैयार, मुख्यमंत्री जल्द करेंगे उद्घाटन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आधुनिक उत्तराखंड के विजन को साकार करते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने शहर में तीन स्थानों पर ऑटोमेटिक मैकेनिकल पार्किंग सुविधाएं विकसित कर ली हैं। तिब्बती मार्केट में 132, परेड ग्राउंड में 96 और कोरोनेशन अस्पताल में 18 वाहनों की क्षमता वाली इन पार्किंग व्यवस्थाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री जल्द करेंगे।

कोरोनेशन अस्पताल में यह पार्किंग सुविधा संचालन प्रारंभ कर दी गई है, जहाँ अस्पताल स्टाफ के वाहन स्वचालित रूप से पार्क हो रहे हैं। इससे मरीजों और तीमारदारों के लिए ज़मीन स्तर पर अतिरिक्त पार्किंग स्पेस उपलब्ध हो गई है। इन पार्किंग व्यवस्थाओं की टेस्टिंग और ट्रायल कमिशनिंग पूरी कर ली गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर इन पार्किंग स्थलों के संचालन के लिए कुशल तकनीकी ऑपरेटर तैनात किए गए हैं तथा वाहनों के लिए बीमा कवर की भी सुविधा सुनिश्चित की गई है। कम स्थान पर निर्मित ये ऑटोमेटिक पार्किंग भविष्य में अन्य क्षेत्रों में भी यातायात दबाव कम करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।

जिला प्रशासन का यह अभिनव प्रयोग शहर को जाम मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही प्रशासन अन्य स्थानों पर भी ऐसी मल्टी लेवल ऑटोमेटिक पार्किंग की संभावनाएं तलाश रहा है ताकि यातायात सुगम हो और नागरिकों को अधिक सुविधा मिल सके।

Share this content:

Exit mobile version