Site icon Memoirs Publishing

उत्तराखंड में जल्द शुरू होगी पीएम ई-बस सेवा योजना, 150 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को राज्य में शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन (ई-वी) चार्जिंग अवसंरचना के विकास कार्यों को भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर ग्रीन सेस लागू करने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि राज्य के राजस्व में वृद्धि हो सके और पर्यावरणीय संरक्षण को भी बल मिले। साथ ही, निर्माणाधीन बस अड्डों के कार्यों को भी तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सीएम धामी ने निर्देशित किया कि बस अड्डों, पार्किंग स्थलों, राजकीय भवनों, गेस्ट हाउसों और पेट्रोल पंपों के निकट ई-वी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाए, ताकि वाहन चालकों को आसानी से चार्जिंग की सुविधा मिल सके। उन्होंने परिवहन निगम की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए नवाचारों एवं संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी बल दिया।

बैठक में परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देहरादून और हरिद्वार में कुल 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से लगभग 750 नए रोजगार अवसरों का भी सृजन होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से ई-वी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। योजना के पहले चरण में 28 स्थलों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version