Site icon Memoirs Publishing

UTTARAKHAND: सीएम धामी ने 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टैम्पो ट्रेवलर) सेवाओं का किया शुभारंभ

10 टैम्पो ट्रेवलर देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर देंगी सेवाएं।

पर्यटन मार्गों पर जाम की समस्या होगी कम । 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से आयोजित एक समारोह में उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टैम्पो ट्रेवलर) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 10 टैम्पो ट्रेवलर देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर सेवाएं देंगी, जिससे इन पर्यटन मार्गों पर जाम की समस्या भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वयं कैम्प कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक टैम्पो ट्रेवलर में यात्रा कर इस सेवा का अनुभव लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक टैम्पो ट्रेवलर से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे राज्य की आर्थिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल सफल रहती है तो आगे ऐसी सेवाओं की संख्या और बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग आज डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग व ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं दे रहा है। लगातार तीन वर्षों से परिवहन निगम मुनाफे में है। जल्द ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, जिनकी खरीद प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों एवं चालक-परिचालकों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। डीए वृद्धि, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना और नई भर्तियां इसी का प्रमाण हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रमुख सचिव एवं उत्तराखंड परिवहन निगम के अध्यक्ष एल. फैनई, एमडी रीना जोशी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version