Site icon Memoirs Publishing

धराली आपदा: आंध्र प्रदेश दौरा रद्द कर देहरादून लौटे सीएम धामी, आपदा केंद्र पहुंचकर लिए राहत कार्यों के अपडेट

युद्धस्तर पर जारी राहत-बचाव कार्य

130 से अधिक लोगों का रेस्क्यू

देहरादून/उत्तरकाशी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश का अपना प्रस्तावित दौरा तत्काल रद्द करते हुए मंगलवार शाम को सीधे देहरादून के आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर उत्तरकाशी जनपद के धराली (हर्षिल) क्षेत्र में बादल फटने से उत्पन्न आपदा की समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार के लिए एक-एक व्यक्ति की जान अमूल्य है।” उन्होंने राहत कार्यों में जुटी सेना, SDRF, NDRF, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों को आपसी समन्वय से कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करने को कहा।

आपात सेवाओं को छोड़कर संस्थान बंद

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पीड़ितों के लिए होटल, होमस्टे आदि में रहने, खाने और दवाइयों की तत्काल व्यवस्था की जाए।

नेटवर्क, बिजली और संचार बहाल करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और विद्युत आपूर्ति मंगलवार रात तक ही बहाल करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने यूपीसीएल के एमडी से सीधे बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

एयरलिफ्ट व राहत सामग्री के निर्देश

मुख्यमंत्री ने वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों की सहायता से प्रभावितों को एयरलिफ्ट करने और राहत सामग्री – जैसे भोजन, दवाइयां, कपड़े – तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए। खाने के पैकेट एयरड्रॉप के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं।

राहत शिविरों की स्थापना

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आसपास के होटल व विद्यालयों में राहत शिविर स्थापित कर पीड़ितों को शरण दी जाए। साथ ही बिस्तर, कंबल व अन्य आवश्यक वस्तुएं सुनिश्चित की जाएं।

बेघर लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

उन्होंने कहा कि यदि जरूरत हो तो होटल अधिग्रहित कर बेघर लोगों के लिए आवासीय व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

आपदा प्रबंधन हेतु कई वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है:

डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट (अपर सचिव)

अभिषेक रोहिल्ला

गौरव कुमार

अपर सचिव विनीत कुमार – उत्तरकाशी में स्थायी कैंप हेतु

गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे – शासन स्तर के नोडल अधिकारी

सचिव स्तर की टीम रवाना

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बुधवार सुबह तक विभिन्न विभागों के सचिवों की एक टीम धराली एवं हर्षिल के लिए रवाना हो जाए।

सड़क मार्ग बहाल, राहत टीमें घटनास्थल के लिए रवाना

नेताला में अवरुद्ध मार्ग को रात्रि 8 बजे खोल दिया गया, जिससे जिलाधिकारी उत्तरकाशी, एसपी और अन्य राहत दल प्रभावित स्थल के लिए रवाना हो गए। खाद्य और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल के लिए भेजी जा चुकी हैं।

130 से अधिक लोगों का सफल रेस्क्यू

SDRF, ITBP और अन्य एजेंसियों के समन्वय से अब तक 130 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही टिके रहने, डॉक्टरों की टीम तैनात करने, पोस्टमार्टम जैसी व्यवस्थाओं को तत्काल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, पंकज पांडे, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे सहित सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version