Site icon Memoirs Publishing

‘हिल से हाईटेक’ विजन: उत्तराखंड में डिजिटल क्रांति, सीएम धामी ने की बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड में नेक्स्ट-जनरेशन डेटा सेंटर, एआई मिशन और ड्रोन सेंटर की स्थापना होगी – सीएम धामी

देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाओं का शुभारंभ करते हुए राज्य को तकनीकी रूप से अग्रणी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

इस अवसर पर ‘डिजिटल उत्तराखंड’ एप, S3Waas प्लेटफॉर्म आधारित 66 सरकारी वेबसाइटें, शहरी क्षेत्रों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों की जीआईएस-आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग एप, 1905 सीएम हेल्पलाइन में एआई-आधारित सुविधाएं और अतिक्रमण रोकथाम के लिए वेब-आधारित एप लॉन्च किए गए।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

  1. नेक्स्ट-जनरेशन डेटा सेंटर – डिजास्टर रिकवरी के लिए विशेष मैकेनिज्म के साथ स्थापित किया जाएगा।

  2. एआई मिशन – राज्य में शीघ्र प्रारंभ होगा और इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा।

  3. रिमोट सेंसिंग एवं ड्रोन एप्लीकेशन सेंटर – गुड गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए विकसित किया जाएगा।

  4. विशिष्ट आईटी कैडर – राज्य में स्थापित करने के लिए प्रयास होंगे।

‘हिल से हाइटेक’ की ओर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड न केवल एक सुंदर पहाड़ी राज्य है, बल्कि तकनीकी रूप से दक्ष राज्य बनने की दिशा में भी तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विज़न को साकार करने के लिए राज्य सरकार लगातार नवाचार कर रही है।

उन्होंने बताया कि ‘डिजिटल उत्तराखंड’ एप से नागरिक घर बैठे अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे, जिससे ‘मिनिमम गवर्नमेंट – मैक्सिमम गवर्नेंस’ की अवधारणा साकार होगी।

नई पहल के लाभ

सरकारी वेबसाइटें – सुरक्षित, पारदर्शी और त्वरित सूचना उपलब्ध कराएंगी।

जीआईएस ट्रैकिंग – शहरी क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी में पारदर्शिता लाएगी।

अतिक्रमण एप – नागरिक फोटो/वीडियो अपलोड कर सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे।

सीएम हेल्पलाइन में एआई – शिकायतों का स्वचालित वर्गीकरण, त्वरित निस्तारण और बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-शिक्षा, ई-स्वास्थ्य, भूलेख डिजिटलीकरण, स्मार्ट क्लासरूम, टेलीमेडिसिन और ‘अपणी सरकार’ पोर्टल जैसी सेवाओं से डिजिटल कनेक्टिविटी प्रदेश के 95% गांवों तक पहुंच चुकी है।

इस अवसर पर विधायक खजानदास, प्रमुख सचिव एल. फैनई, सचिव नितेश झा, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे।

Share this content:

Exit mobile version