Site icon Memoirs Publishing

‘पेपर लीक’ के खिलाफ युवाओं ने परेड ग्राउंड में किया प्रदर्शन

UKSSSC पेपर लीक मामले में CBI जांच की मांग

देहरादून – उत्तराखंड बेरोजगार संघ (UBS) और बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने सोमवार को देहरादून में प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।

प्रशासन की पाबंदी को धता बताते हुए छात्र-युवाओं और कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा की पवित्रता बार-बार सवालों के घेरे में आ रही है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

आंदोलनकारियों ने बाद में सचिवालय की ओर कूच करने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते उन्हें बीच रास्ते ही रोक दिया गया। इसके बाद युवाओं ने वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए UBS के संरक्षक एवं उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने सरकार को घेरा और पेपर लीक प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, “यह मामला युवाओं के भविष्य से जुड़ा है। अगर भर्ती प्रक्रिया ही संदिग्ध होगी तो बेरोजगार कैसे भरोसा करेंगे? हम इस लड़ाई को लंबा खींचने के लिए तैयार हैं।”

UBS ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही CBI जांच के आदेश नहीं दिए तो राज्यभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share this content:

Exit mobile version