Site icon Memoirs Publishing

सीएम धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात, रेल विकास परियोजनाओं पर चर्चा

देहरादून-हरिद्वार स्टेशन होंगे आदर्श स्टेशन

तीन दिन चलेगी देहरादून-टनकपुर ट्रेन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की भेंट, उत्तराखंड में रेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा।

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में रेल अवसंरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने देहरादून एवं हरिद्वार रेलवे स्टेशनों को आदर्श रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने के लिए उनके विस्तार एवं आधुनिकीकरण का अनुरोध किया है। साथ ही हरिद्वार–देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण परियोजना का संपूर्ण व्ययभार केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने का आग्रह भी किया।

केंद्रीय रेल मंत्री ने देहरादून–टनकपुर साप्ताहिक ट्रेन को सप्ताह में तीन बार संचालित किए जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की है, जिससे यात्रियों को अत्यधिक सुविधा मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने टनकपुर–बागेश्वर रेल परियोजना के संरेखण में अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्रों को जोड़ने की संभावनाओं पर विचार करने, साथ ही सुरंग के साथ सड़क प्रावधान का विकल्प भी शामिल करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने यह भी अनुरोध किया कि ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि, जो अब अप्रयुक्त हो चुकी है, राज्य सरकार को हस्तांतरित की जाए ताकि इसे राज्य के विकासात्मक कार्यों में उपयोग किया जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सभी प्रस्तावों पर हर संभव सहयोग का आश्वासन देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

 

Share this content:

Exit mobile version