Site icon Memoirs Publishing

Uttarakhand Boosts Air Connectivity: शुरू हुई पिथौरागढ़ और हल्द्वानी से हेली सेवाएं

पिथौरागढ़–मुनस्यारी और हल्द्वानी–अल्मोड़ा हेली सेवाओं का सीएम धामी ने किया शुभारंभ

दूरस्थ क्षेत्रों के लिए आसान होगा सफर, पर्यटन व आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़–मुनस्यारी–पिथौरागढ़ और हल्द्वानी–अल्मोड़ा–हल्द्वानी हेली सेवाओं का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई हवाई सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दुर्गम इलाकों के आम नागरिकों को सुगम परिवहन उपलब्ध होगा। साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

अल्मोड़ा और मुनस्यारी को मिलेगा सीधा लाभ

सीएम धामी ने कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी उत्तराखंड के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं। ये क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता, प्राचीन मंदिरों और समृद्ध संस्कृति के लिए देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। अब हेली सेवाओं के माध्यम से पर्यटक आसानी से यहां पहुंच सकेंगे।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी से अल्मोड़ा तक का सफर, जो सड़क मार्ग से 3 से 4 घंटे का है, अब महज़ कुछ ही मिनटों में पूरा होगा।

हवाई संपर्क को मज़बूती

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि उड़ान योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में हवाई संपर्क तेजी से सशक्त हुआ है। राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स के विकास का कार्य चल रहा है, जिनमें से 12 पर सेवाएं सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी हैं।
अब तक गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

हेली सेवाओं का समय और किराया

नई हेली सेवाएं सप्ताह के सातों दिन और प्रतिदिन दो बार संचालित होंगी।

इन सेवाओं का किराया ₹2500 निर्धारित किया गया है। यात्री अपनी टिकट ऑनलाइन https://airheritage.in/ से बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी

इस अवसर पर सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

Exit mobile version