Site icon Memoirs Publishing

पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब और पुस्तकालय स्थापना में तेजी—मुख्य सचिव के निर्देश

मुख्य सचिव ने पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में पीएमश्री स्कूलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब की स्थापना अगले एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। साथ ही पुस्तकालयों की स्थापना के लिए आवश्यक बजट शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने 32 पीएमश्री स्कूलों में एकीकृत विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना कार्य में भी गति लाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन प्रयोगशालाओं के लिए जो बजट जारी होना बाकी है, वह एक माह के भीतर अवश्य जारी कराया जाए। इसके साथ ही टिंकरिंग लैब की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी कानपुर के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और तय समय सीमा के भीतर सभी लैबों की स्थापना पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी पीएमश्री स्कूलों में खेल के मैदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई करने पर बल दिया और संबंधित अधिकारियों से समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में कुल 226 विद्यालयों को पीएमश्री स्कूलों के रूप में चयनित किया गया है, जिनमें 34 प्राथमिक तथा 192 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 15 अन्य विद्यालयों को भी अनुमोदन प्राप्त हुआ है। समीक्षा के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि पीएमश्री के 22 घटकों में से 16 को सौ प्रतिशत लागू किया जा चुका है, जबकि शेष 6 घटकों पर कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।

Share this content:

Exit mobile version