Site icon Memoirs Publishing

महिला वर्ल्ड कप स्टार स्नेहा राणा को मुख्यमंत्री धामी की शुभकामनाएं; घोषित ₹50 लाख प्रोत्साहन राशि

 

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप स्टार स्नेहा राणा को मुख्यमंत्री धामी का फोन; दी शुभकामनाएं, घोषित किए ₹50 लाख प्रोत्साहन राशि

DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली उत्तराखंड की बेटी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर स्नेहा राणा से दूरभाष पर बात कर उन्हें आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में पुनः चयन होने पर स्नेहा राणा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन देश व उत्तराखंड, दोनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए स्नेहा राणा को ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “स्नेहा राणा ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। उनकी सफलता पूरे राज्य, खासकर हमारी बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। राज्य सरकार हमेशा खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए समर्पित है।”

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की बेटियाँ विभिन्न क्षेत्रों में देश का मान बढ़ा रही हैं, और स्नेहा राणा का प्रदर्शन इस गौरवशाली परंपरा का एक और उज्ज्वल उदाहरण है।

मुख्यमंत्री की ओर से सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर स्नेहा राणा ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी प्रतिबद्धता और लगन के साथ देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रयासरत रहेंगी।

 

 

 

Share this content:

Exit mobile version