Site icon Memoirs Publishing

उत्तराखंड में एक वर्ष तक नहीं बढ़ेगी वाहन फिटनेस फीस

मुख्यमंत्री धामी का बड़ा निर्णय, वाहन स्वामियों को बड़ी राहत

DEHRADUN: उत्तराखंड के वाहन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि 15 वर्ष पुराने कमर्शियल वाहनों पर लागू की जाने वाली नई फिटनेस फीस दरें 21 नवंबर 2026 तक स्थगित रहेंगी। इस अवधि में परिवहन विभाग की पूर्व निर्धारित पुरानी फीस ही लागू होगी, जिससे वाहन मालिकों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ टल गया है। इस संबंध में परिवहन विभाग के सचिव बृजेश कुमार संत द्वारा 21 नवंबर को अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में 15 वर्ष पुराने कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में लगभग 10 गुना तक की वृद्धि की गई थी। प्रदेश की परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि वाहन मालिकों पर अचानक कोई अतिरिक्त भार न पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लगातार ले रही है, जिनसे आमजन को सीधी राहत मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा,
“हमारी सरकार का उद्देश्य जनता पर अनावश्यक आर्थिक दबाव को रोकना है। केंद्र सरकार द्वारा फिटनेस फीस वृद्धि को देखते हुए इसे प्रदेश में एक वर्ष के लिए स्थगित किया गया है। इस बीच पुरानी फीस ही लागू रहेगी। आने वाले समय में केंद्र सरकार द्वारा किए जाने वाले पुनरीक्षण के अनुसार ही राज्य में नई दरें लागू की जाएंगी।”

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि राज्य सरकार गरीब, मध्यम वर्ग, टैक्सी चालकों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों की समस्याओं के प्रति बेहद संवेदनशील है। इस निर्णय से ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा,
“जनहित सर्वोपरि है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप त्वरित और संवेदनशील निर्णय लेना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आगे भी हम प्रदेशवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही कार्य करते रहेंगे।”

 

 

Share this content:

Exit mobile version