देहरादून, 6 दिसंबर: जिलाधिकारी साविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ऋषिकेश के चंद्रभागा क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान गंगा नदी के तट पर बने 20 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम ऋषिकेश योगेश कुमार और नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल ने किया। राजस्व विभाग, नगर निगम टीम और पर्याप्त पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पाया गया कि इन अवैध झोपड़ियों एवं संरचनाओं से निकलने वाला सीवेज सीधे गंगा में छोड़ा जा रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार जिलाधिकारी तक पहुंच रही थीं। इस पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे।
सुबह टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र का निरीक्षण किया और शांतिपूर्ण माहौल में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती से किसी भी तरह की बाधा नहीं आने दी गई।
जिलाधिकारी साविन बंसल ने कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता, जल संरक्षण और अविरलता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी तरह के अतिक्रमण, अवैध निर्माण या सीवेज/कचरा निस्तारण की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए।
नगर निगम और राजस्व विभाग ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र की नियमित सफाई की जा रही है तथा आगे चिह्नांकन और कड़ी निगरानी की जाएगी ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
Share this content:
