Site icon Memoirs Publishing

हरिद्वार: जिला अस्पताल की मोर्चरी में चूहे ने कुतरा शव, परिजनों का हंगामा

Oplus_16908288

हरिद्वार के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे एक शव को चूहों के कुतर दिया। जिससे गुस्साए परिजनों से अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस घटना ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक ज्वालापुर स्थित पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी उम्र 36 वर्ष का बीते रोज शाम के समय ह्दयगति रूकने से निधन हो गया था। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। शनिवार की सुबह शव के चेहरे और आंख पर चोट जैसे निशान दिखने पर परिजन आगबबूला हो गए और अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों और अन्य लोगों ने कार्रवाई की मांग उठाई है।

शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। शव के चेहरे, सिर और एक आंख पर गहरे घाव के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। परिजनों का आरोप था कि मोर्चरी की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे शव तक सुरक्षित नहीं रह पा रहे।

हंगामे के दौरान भी काफी देर तक स्वास्थ्य विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। वे दोषियों पर कार्रवाई, मोर्चरी व्यवस्था की जांच और जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही मांग पर अड़े रहे।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आरबी सिंह का कहना है कि मोर्चरी में लगे डीप फ्रीजर का दरवाजा खराब होने के कारण संभवत चूहा घुसने और उनके द्वारा शव को कुतरने का मामला लगता है । उन्होंने कहा कि रेफ्रिजरेटर की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को लिखा गया है उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।

Share this content:

Exit mobile version