Site icon Memoirs Publishing

देहरादून जनता दर्शन में 195 शिकायतों का निस्तारण, डीएम सविन बंसल के त्वरित एक्शन से फरियादियों को राहत

Dehradun Janata Darshan: DM Resolves 195 Complaints, Orders Action on Land & Encroachments

जिला प्रशासन का जनता दर्शन: न्याय, संवेदनशीलता और सख्त कार्रवाई का मॉडल

डीएम सविन बंसल की अध्यक्षता में 195 शिकायतों पर त्वरित सुनवाई, मौके पर ही कई मामलों में आदेश जारी

खिलाड़ी की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास रोका गया, पूर्व सैनिक को दिलाया गया न्याय, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता

देहरादून:
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन (जनता दरबार) में आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं संवेदनशील निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण से संबंधित कुल 195 शिकायतें प्रस्तुत की गईं।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं समाज के कमजोर वर्ग की सुरक्षा व सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

खिलाड़ी की भूमि पर यथास्थिति के आदेश

अम्बीवाला निवासी राष्ट्रीय पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने शिकायत की कि उनकी माता के नाम दर्ज भूमि पर न्यायालय में वाद लंबित होने के बावजूद पड़ोसी द्वारा पेड़ काटकर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही एसडीएम को न्यायालय के अग्रिम आदेशों तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।

पूर्व सैनिक को दिलाया गया कब्जा, निराधार मुकदमा हटवाया

कोटरा संतूर निवासी भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार ने वर्ष 2016 में खरीदी भूमि पर अवैध कब्जे एवं उनके विरुद्ध दर्ज निराधार मुकदमे की शिकायत की। जांच में आरोप निराधार पाए जाने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम विकासनगर को शिकायतकर्ता को तत्काल भूमि पर कब्जा दिलाने तथा थाना स्तर पर दर्ज निराधार प्राथमिकी हटाने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग महिला को जान का खतरा, फास्ट ट्रैक सुनवाई के निर्देश

डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने पुत्र एवं पुत्रवधू से जान-माल के खतरे की शिकायत की। मामला तहसील में लंबित होने पर जिलाधिकारी ने इसे तत्काल जिला कार्यालय मंगवाकर फास्ट ट्रैक सुनवाई कराने के निर्देश दिए।

चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी पर शिक्षा अधिकारी तलब

जौलीग्रांट निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक की विधवा लक्ष्मी तोमर को उपचार के ₹1.37 लाख की चिकित्सा प्रतिपूर्ति न मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी से तत्काल स्पष्टीकरण व आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

सिंचाई नहर पर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश

एटनबाग क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण से फसलों की सिंचाई प्रभावित होने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता को दो दिवस में जांच कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ठगी, अवैध कब्जे और नागरिक सुविधाओं पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री के सुशासन संकल्प से प्रेरित प्रशासनिक मॉडल

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन एवं जनसेवा के संकल्प के अनुरूप जनसुनवाई केवल सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान और प्रवर्तन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण कागजी औपचारिकता न रहकर जमीनी स्तर पर परिणाम देने वाला हो।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share this content:

Exit mobile version