Site icon Memoirs Publishing

94 फीट ऊंचे ध्वजदण्ड के साथ गूंजा श्री दरबार साहिब, जयकारों से थर्राई दून घाटी

देहरादून। दून की पावन धरती शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और गुरु भक्ति से सराबोर हो उठी, जब हजारों श्रद्धालु संगतों ने 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (श्री झण्डे जी) को अपने कंधों पर उठाकर भव्य शोभायात्रा के साथ श्री दरबार साहिब पहुंचाया। “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय”, “श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की जय” और “जय श्री झण्डे जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

शुक्रवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग में जुटना शुरू हो गया था। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को पावन दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की।

प्रातः लगभग 8 बजे श्रद्धालु संगतों ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया। जैसे ही संगतों ने ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाया, पूरा क्षेत्र गुरु महिमा के जयकारों से गूंज उठा।

यह पावन शोभायात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, लाल पुल चौक, मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से होते हुए सुबह लगभग 9:30 बजे श्री दरबार साहिब पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संगतों का स्वागत किया और शबील, शीतल जल, फल व प्रसाद के लंगर की व्यवस्था की।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री झण्डा महोत्सव प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का प्रतीक है, जो सभी धर्मों और समुदायों को एक सूत्र में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

बताया गया कि 8 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण किया जाएगा, जिसके साथ ही श्री झण्डा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। इस पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के श्री दरबार साहिब पहुंचने की संभावना है। संगतों के ठहरने और सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

Share this content:

Exit mobile version