Site icon Memoirs Publishing

देहरादून: पिथूवाला पॉलीटेक्निक में भव्य रोजगार मेला, 81 कंपनियों ने लिया हिस्सा; सुबोध उनियाल ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला (देहरादून) में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं तथा सफल आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों को बधाई दी।

प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में रोजगार प्राप्ति हेतु लगभग 1600 पॉलीटेक्निक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।

मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति एवं सशक्तिकरण के लिए तकनीकी उन्नति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग का है, ऐसे में युवाओं को बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट करना होगा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कैबिनेट मंत्री ने राज्य में तकनीकी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं उन्नत शैक्षणिक व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र और स्वरोजगार में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जहां प्रतिभा के अनुरूप प्रगति के अवसर उपलब्ध होते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से कुशल युवाओं को सहजता से रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपनल के माध्यम से युवाओं को विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही बेरोजगारी उन्मूलन हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि विगत वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष के मेले में देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता से युवाओं को व्यापक अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

 

Share this content:

Exit mobile version