Site icon Memoirs Publishing

देहरादून: कांवली रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बिहार निवासी मजदूर की मौत

राजधानी के थाना बसंत विहार क्षेत्र के अंतर्गत कांवली रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोविंदगढ़ पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।

​​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सकल देव साहनी (55 वर्ष) पुत्र दयाराम साहनी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शिवनगर, थाना सेयारा, जिला सीतामढ़ी, बिहार के रहने वाले थे और वर्तमान में देहरादून के कालिंदी एनक्लेव में रह रहे थे। मृतक पेशे से मजदूर थे और आज सुबह करीब 112 के माध्यम से सूचना मिली कि वह अपने साथियों के साथ काम पर जाने के लिए गोविंदगढ़ पुल के पास खड़े थे, तभी काल बने ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

​घटना की सूचना मिलते ही थाना बसंत विहार पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और ट्रक संख्या UK 07 CB 7123 को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया है।

​इस मामले में मृतक के परिजनों की ओर से थाना बसंत विहार में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

​ट्रक चालक दुर्घटना के बाद वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा

Share this content:

Exit mobile version