Site icon Memoirs Publishing

शोक में डूबा उत्तराखंड: भाजपा कार्यालय पहुंचे मेजर जनरल खंडूड़ी के पार्थिव शरीर को सीएम धामी और दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के निधन पर बुधवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शोक और संवेदनाओं का माहौल देखने को मिला। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भाजपा कार्यालय में रखा गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए भावुक नजर आए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर मेजर जनरल खंडूड़ी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया तथा कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, भरत चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय, विधायक अनिल नौटियाल, सहदेव पुंडीर, आशा नौटियाल और संजय डोभाल समेत पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाईं, केडी पुरोहित, विजया बड़थ्वाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

भाजपा कार्यालय में उपस्थित लोगों ने मेजर जनरल खंडूड़ी के व्यक्तित्व, उनकी कार्यशैली और प्रदेश के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें एक सच्चा जननेता और आदर्श प्रशासक बताया। उनके निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है।

 

Share this content:

Exit mobile version