Site icon Memoirs Publishing

चमोली हादसा: हेलंग के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, नेपाली मूल के चालक की मौत; SDRF ने निकाला शव

उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जोशीमठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हेलंग के समीप एक आईसर ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे नदी में जा समाया। इस दुखद हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से बेहद कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।

​मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन आईसर ट्रक (संख्या: UK11CA-1710) था। जब ट्रक अनियंत्रित होकर 200 मीटर नीचे नदी की ओर गिरा, तो जोरदार झटके के कारण चालक वाहन से छिटक गया और लगभग 150 मीटर नीचे पहाड़ी के बीच में ही फंस गया।

​जोशीमठ थाने से सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट जोशीमठ से उप निरीक्षक जगमोहन सिंह के नेतृत्व में एक टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

​​खाई से मृतक के शव को बेहद सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

​पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान गोपाल सिंह (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this content:

Exit mobile version