Site icon Memoirs Publishing

बेंगलुरु में महिला की हत्या का खुलासा, कपड़ों के टैग से पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

बेंगलुरु में महिला की हत्या का खुलासा, कपड़ों के टैग से पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

बेंगलुरु के संपिगेहल्ली क्षेत्र में एक खाली भूखंड से 28 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद पुलिस ने सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने कपड़ों पर लगे खरीदारी के टैग और मॉल की जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान अनुसूया बेहरा के रूप में की। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति सागर रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

घरेलू कलह के बाद दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पति सागर चंद्र रावत ने घरेलू विवाद के कारण 11 अगस्त को अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को तीन दिनों तक घर के अंदर ही रखा। इसके बाद उसने शव को चादर में लपेटकर संपिगेहल्ली के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया था। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी लगातार इस बात की जानकारी लेने के लिए घटनास्थल के आसपास चक्कर लगाता रहा कि किसी ने शव को देखा है या नहीं।

शॉपिंग टैग से खुली पहचान

घटना के करीब 20 दिन बाद, 2 सितंबर को जब खाली प्लॉट की सफाई का काम चल रहा था, तब मजदूरों को यह क्षत-विक्षत शव मिला। शव की हालत बेहद खराब हो चुकी थी और आवारा जानवरों द्वारा उसे नुकसान पहुंचाया गया था, जिससे उसकी शिनाख्त करना कठिन हो गया था। ऐसे में शव के पास मिले कपड़े के एक टैग ने जांच में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मॉल तक पहुंचकर खरीदारी के विवरण से मृतका की पहचान सुनिश्चित की।

दंपति की पृष्ठभूमि और गिरफ्तारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और दोनों कुछ समय पहले ही बेंगलुरु में रहने आए थे। आरोपी एक होटल में नौकरी करता था जबकि मृतका एक कपड़े की दुकान में काम करती थी। पुलिस ने होटल में पूछताछ और पति-पत्नी के बीच लगातार होने वाले झगड़ों की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version