Site icon Memoirs Publishing

को-ऑपरेटिव बैंक मे 12 लाख का गबन,महा प्रबंधक की पहल पर आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड शाखा के खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के नाम पर लिए गए 12 लाख 31 हजार 458 रुपये का गबन करने के मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विकासनगर क्षेत्र से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि दीपक बढ़ई (29) बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करता था। आरोपी ने विभिन्न तिथियों में बैंक के खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए कुल 12,31,458 रुपये लिए, लेकिन धनराशि बैंक में जमा करने के बजाय उसका गबन कर लिया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी और आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश को 9 सितंबर को उदयबाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Exit mobile version