Site icon Memoirs Publishing

हैल्थ मंत्र से सशक्त हुईं श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की छात्राएं

देहरादून। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन को बेहतर जीवन की आधारशिला बताते हुए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में छात्राओं के समग्र स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर एक दिवसीय काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी सेल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर महिला स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, त्वचा, पोषण और योग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, वरिष्ठ गाइनी कैंसर विशेषज्ञ डॉ. यामिनी कंसल, त्वचा एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. नीनू कौल, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका कांडपाल और निदेशक आईक्यूएसी डॉ. सोनिया गंभीर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेडिकल सत्र में डॉ. यामिनी कंसल ने मासिक धर्म संबंधी अनियमितताओं, एनीमिया, पोषण, हार्मोनल बदलाव और एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व पर छात्राओं को जागरूक किया। डॉ. नीनू कौल ने किशोरावस्था में होने वाली त्वचा संबंधी समस्याओं और उचित स्किन केयर के बारे में जानकारी दी। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. शिवांजली गुप्ता ने ‘किशोर मन को समझना’ विषय पर संवाद करते हुए तनाव, चिंता, अवसाद और भावनात्मक समस्याओं के संकेतों को समय रहते पहचानने पर जोर दिया। उन्होंने मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति की बात सुनने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेने की सलाह दी।

डायटीशियन सोनम ने संतुलित आहार, प्रोटीन, आयरन, विटामिन एवं मिनरल्स की आवश्यकता बताते हुए जंक फूड से बचने और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी। योग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी नौटियाल ने नियमित योग एवं प्राणायाम को तनाव कम करने और एकाग्रता बढ़ाने में उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मंच संचालन मिस सिमरन अग्रवाल ने किया, जबकि समन्वय मिस आयुषी आहलूवालिया ने किया।

Exit mobile version