Site icon Memoirs Publishing

SGRRU में तंबाकू के खिलाफ गूंजी हुंकार, सैकड़ों युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

देहरादून। तंबाकू की लत के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में आयोजित जागरूकता अभियान में सैकड़ों युवाओं ने तंबाकू से दूरी बनाने की हुंकार भरी। विद्यार्थियों ने न केवल तंबाकू के दुष्प्रभावों को समझा, बल्कि स्वस्थ और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।

एसजीआरआरयू के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, देहरादून के सहयोग से एसबीएएस ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘Tobacco Free Youth–Leader for Tomorrow’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक और संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज की तस्वीर प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में बीएससी आईटी की गुंजन मेहंदीरेत्ता, बीटेक प्रथम सेमेस्टर की शिक्षा और बीसीए प्रथम सेमेस्टर की जेरूशा प्रधान विजेता रहीं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू से दूरी स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. अनुराधा प्रधान ने तंबाकू की लत, इसके शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर जानकारी दी। संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन और नशे की लत से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने जवाब दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से एंटी-टोबैको प्रतिज्ञा ली। इस दौरान युवाओं ने तंबाकू से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम से अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल और अनुराग मौजूद रहे।

Exit mobile version