बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के एक एयरबस A321 विमान के साथ लैंडिंग के वक्त घटना घटी। गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रही उड़ान संख्या 6E 6542 को अपने गंतव्य पर उतरने के दौरान कठिनाई का सामना करना पड़ा, जिसके बाद विमान के पिछले हिस्से में टक्कर यानी टेल स्ट्राइक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
तेज हवाओं के बीच लैंडिंग का प्रयास
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, विमान जब अपने गंतव्य पर उतरा रहा था, तब वहां तेज हवाएं चल रही थीं। पहली बार में लैंडिंग की कोशिश को बीच में ही रोककर विमान को दोबारा ऊपर उठाया गया। इसी दौरान विमान के पिछले हिस्से का संपर्क रनवे से हुआ जिसे विमानन की भाषा में टेल स्ट्राइक कहा जाता है। हालांकि, दूसरी बार में विमान को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया।
सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि इस घटना में विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी संबंधित विभागों को इस बारे में तुरंत सूचित कर दिया गया था।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय कर रहा है जांच
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीसीए (DGCA) ने जांच शुरू कर दी है। विमान की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है ताकि सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद ही इसे दोबारा सेवा में लाया जा सके। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पायलटों की ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

