Site icon Memoirs Publishing

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गूंजा ‘कॉलेज के टशनबाज’ का जोश, टैलेंट से झूमे छात्र-छात्राएं

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को युवाओं के उत्साह, उमंग और रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर ‘कॉलेज के टशनबाज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 93.5 रेड एफएम के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय का ऑडिटोरियम देर शाम तक फन, मस्ती और हुनरबाजी से गुलजार रहा। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में शिरकत कर विभिन्न प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना रहा। ‘कॉलेज के टशनबाज’ में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा खुले मंच पर प्रस्तुत करने और आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने गायन, गिटार वादन, मिमिकरी सहित विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। युवाओं की शानदार प्रस्तुतियों पर ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। लोकप्रिय गीतों, गिटार की मधुर धुनों और मिमिकरी ने माहौल को पूरी तरह जीवंत कर दिया।

युवाओं की एनर्जी, टशन और टैलेंट ने कार्यक्रम को खास बना दिया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया और अपने साथियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक समर्थन किया। कार्यक्रम ने नई पीढ़ी की प्रतिभा और क्रिएटिविटी की शानदार झलक पेश की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें पढ़ाई के व्यस्त माहौल से अलग अपनी रुचियों और प्रतिभाओं को सामने रखने का अवसर देते हैं। ‘कॉलेज के टशनबाज’ युवाओं के लिए मनोरंजन के साथ प्रतिभा प्रदर्शन और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी मंच साबित हुआ।

Exit mobile version