Site icon Memoirs Publishing

पिथौरागढ़ में घास काट रही महिला पर भालू का हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान

पिथौरागढ़ में घास काट रही महिला पर भालू का हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बेरीनाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पांखू क्षेत्र के डाडल गांव में एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर महिला की जान बचा ली।

घास काटते समय हुआ अचानक हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाडल गांव निवासी 52 वर्षीय चम्पा देवी सोमवार शाम को गांव के पास ही घास काटने गई हुई थीं। उसी दौरान वहां अचानक एक भालू आ धमका और महिला पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान भालू ने उनके पैर को बुरी तरह चबा डाला, जिससे उनके पैर में गहरे घाव बन गए।

ग्रामीणों ने भगाया भालू

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और लाठी-डंडों की मदद से भालू को जंगल की तरफ खदेड़ा। इसके बाद लहूलुहान हालत में महिला को तुरंत जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

इलाके में पहले से है भालुओं का खौफ

स्थानीय लोगों का कहना है कि डाडल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से कई भालू एक साथ घूमते देखे जा रहे हैं। कुछ समय पहले एक भालू के बच्चे को भी वन विभाग ने पकड़ा था और रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा था। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है और उन्होंने विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Exit mobile version