पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा तनाव और हूती विद्रोहियों की धमकियों के मद्देनजर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानों के अस्थायी निलंबन को 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। इस बदलाव से जेद्दा, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली तमाम उड़ान सेवाएं प्रभावित रहेंगी। एयरलाइन का कहना है कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है।
यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी और रीबुकिंग के विकल्प
यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने एक ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत जिन यात्रियों ने 15 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक किए थे और जिनकी यात्रा 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच तय थी, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख 10 नवंबर तक बदल सकते हैं। इसके अलावा, यात्रियों को खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों से भी उड़ानें रीबुक करने का विकल्प दिया गया है।
वैकल्पिक गंतव्य और रिफंड की सुविधा
एअर इंडिया के यात्री रियाद, जेद्दा या दम्माम के बजाय दुबई या दोहा से यात्रा चुन सकते हैं, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस के ग्राहक अबू धाबी, बहरीन, मस्कट, शारजाह और दोहा जैसे शहरों से टिकट रीबुक करवा सकते हैं। हालांकि, वैकल्पिक शहर तक पहुंचने और वहां के वीजा नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी यात्रियों की अपनी होगी। जो यात्री इस दौरान यात्रा नहीं करना चाहते हैं, वे अपना टिकट रद्द करवाकर पूरा रिफंड भी प्राप्त कर सकते हैं।
क्षेत्र में बढ़ता तनाव और हवाई सुरक्षा के हालात
उ उड़ानों को स्थगित रखने का यह कदम रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद उठाया गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इस हमले में एक घायल भारतीय नागरिक की मृत्यु की पुष्टि की है, जिससे इस घटना में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़ गई है। दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों ने मक्का और मदीना को छोड़कर सऊदी अरब के बाकी हवाई क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों को चेतावनी जारी की है, जिसके कारण विमानन क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

