बेंगलुरु में नियमों के अनुपालन के लिए चलाए जा रहे एक चेकिंग अभियान के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है, जहां एक पब में पहचान पत्र दिखाने को कहने पर आईएएस अधिकारी और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पब में चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद
बेंगलुरु पुलिस और सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) की एक टीम ने शहर भर में देर रात नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया था। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत लगभग 1,500 पुलिसकर्मियों ने शहर के 400 से अधिक बार और पबों की जांच की। इसी दौरान पिछले शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे जब पुलिसकर्मी कावूर पब पहुंचे, तो उन्होंने ग्राहकों की उम्र और अन्य गतिविधियों की जांच के लिए पहचान पत्र मांगे।
आईडी मांगने पर भड़के अधिकारी
वर्दीधारी पुलिसकर्मियों द्वारा आईडी मांगे जाने पर वहां मौजूद एक ग्राहक और उनके साथियों ने विरोध करना शुरू किया, जिससे मामला तीखी नोकझोंक में बदल गया। आरोप है कि आंध्र प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी और उनके तीन दोस्तों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। जब ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर ने इस व्यवहार का विरोध जताया, तो अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और खुद के आईएएस होने का रौब दिखाते हुए धमकी दी।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद पुलिस इंस्पेक्टर की शिकायत के आधार पर कब्बन पार्क पुलिस थाने में कानूनी कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी की पहचान विकास मरमथ के रूप में हुई है, जो आंध्र प्रदेश के कुप्पम में कुप्पम क्षेत्र विकास प्राधिकरण (KADA) के परियोजना निदेशक के पद पर तैनात हैं। उनके साथ इस मामले में संलिप्त अन्य तीन साथियों की पहचान अभय उदय सिंह, नितेश और रोशन के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

